पुनर्जन्म की कहानियां अक्सर फिल्मों या धारावाहिकों में देखने को मिलती है लेकिन एक बच्चे द्वारा बताये जा रहे पुनर्जन्म की बाते आज-कल सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रही है। आइए जानते हैं क्या है ये हैरतअंगेज घटना….
उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में पुनर्जन्म के इस मामले ने लोगों को हैरानी में डाल दिया है। दरअसल चंद्रवीर उर्फ छोटू नाम का एक लड़का खुद को रोहित नाम का लड़का होने का दावा कर रहा है। हैरानी की बात यह है कि रोहित 8 वर्ष पहले ही मर चुका है। सीधे शब्दों में कहें तो छोटू यह दावा कर रहा है कि पिछले जन्म में वही रोहित था। यही नहीं, यह लड़का रोहित के गांव और घर के सभी लोगों को पहचानता भी है।

एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार मैनपुरी जिले के नगला सहेली गांव के प्रमोद कुमार श्रीवास्तव के 13 वर्षीय पुत्र रोहित कुमार की मौत 8 वर्ष पहले नहर में नहाते समय डूबने से हुई थी। अब उसके परिवार में उनकी पत्नी उषा देवी और बेटी कोमल ही बचे हैं। रोहित की मौत 4 मई 2013 को हुई थी। अब उनकी बेटी कोमल ही अपने माता-पिता के जीने का सहारा बची है।
पास ही के गांव नगला के रहने वाले रामनरेश संखवास का पुत्र चंद्रवीर उर्फ छोटू खुद के रोहित होने का दावा कर रहा है। वह कहता है कि उसका पुनर्जन्म हुआ है। चंद्रवीर रोहित के घर जाकर अपने माता-पिता एवं बहन को भी पहचान लिया है। चंद्रवीर ने अपने माता-पिता को पिछले जन्म की कई सारी बातें बताई। चंद्रवीर से पुनर्जन्म की बात सुनने के लिए गांव के लोग भी जमा होने लगे। लोग भी ये अनोखी घटना देखकर आश्चर्य में थे।

यह भी पढ़ें: इस देश में बिना परमिशन चूहा पालने पर होती है जेल
इस बात की जानकारी मिलते ही सच्चाई जाँचने के लिए माध्यमिक विद्यालय के पूर्व प्रधानाचार्य सुभाष चंद्र यादव वहां पहुंचे। उन्होंने रोहित को पढ़ाया था। सब लोग उस समय दंग रह गए जब चंद्रवीर ने उनके पैर छुए और उनका नाम भी बताया। चंद्रवीर को गांव के कुछ लोग गांव के स्कूल में ले गए जहां रोहित पढ़ता था। वहाँ जाकर पूछा गया कि तुम किस कक्षा में पढ़ते थे तब चन्दवीर ने तुरंत ही बता दिया।
चंद्रवीर द्वारा बताई गई हर बात रोहित के जीवन से मेल खाती है। वह कुछ भी नहीं भूला है। इस खबर ने पूरे गांव वालों को हैरत में डाल दिया है। ऐसे बहुत कम लोग ही मिलते है जिन्हें अपनी पुनर्जन्म की बातें याद रहती है। क्या यह पुनर्जन्म की बातें सच हो सकती है? आपका पुनर्जन्म के बारे में क्या सोचना है कमेंट में हमें जरूर बतायें।