मेहनत ही सफलता की कुंजी है और सफलता शब्द जितना कहने और सुनने में आसान लगता है उतना ही इसे हासिल कर पाना मुश्किल है। सफलता किसी भी क्षेत्र में प्राप्त करनी हो तो उसके लिए कठिन मेहनत और परिश्रम करना बहुत जरूरी है।
आज हम आपको प्रतीक्षा टोंडवलकर (Pratiksha Tondwalkar) के बारे में बताएंगे जिन्होंने अपनी मेहनत और लगन के बलबूते पर सफलता हासिल की। कभी बैंक में साफ-सफाई का काम करने वाली प्रतीक्षा को देखकर किसी ने सोचा भी नहीं था कि वो बैंक में असिस्टेंट जनरल मैनेजर बनेंगी। आइये जानते हैं उनके सफलता की कहानी के बारे में।
संघर्ष में बीता बचपन
महाराष्ट्र (Maharashtra) के पुणे में जन्मीं प्रतीक्षा टोंडवलकर का जीवन बचपन से ही संघर्षपूर्ण रहा। परिवार ने महज 17 साल की उम्र में उनकी शादी करा दी। शादी के 3 साल बाद ही उनके पति की मृत्यु हो गई और घर-परिवार की जिम्मेदारी प्रतीक्षा के कंधों पर ही आ गई। गरीबी के कारण उनकी पढ़ाई-लिखाई सही से नहीं हुई थी। इसलिए उन्हें जॉब ढूंढने में भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
एसबीआई में स्वीपर का काम
नौकरी में उन्हें एसबीआई में एक स्वीपर के रूप में (Sweeper Woman To SBI) काम करने का अवसर मिला। परिवार का घर खर्च चलाने के लिए उन्होंने बैंक में सफाई कर्मी के तौर पर काम करना शुरू कर दिया। बैंक में सफाईकर्मी का काम करने वाली प्रतीक्षा ने सपनों को देखना सीख लिया था। वो जीवन में कुछ अलग करने के सपने देखने लगी। इसलिए उन्होंने नौकरी के साथ-साथ अपनी पढ़ाई को भी जारी रखा।

नौकरी के साथ पढ़ाई
उन्होंने मनोविज्ञान में स्नातक (Graduate) की डिग्री (Degree) हासिल की। धीरे-धीरे वो अपने सपनों को पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ने लगीं। अपने डिग्री को पूरा करने के बाद उन्होंने बैंक परीक्षा की तैयारी की। उनके लगन को देखते हुए बैंक के कर्मचारियों ने उन्हें बैंक क्लर्क के पद पर प्रमोट किया। धीरे-धीरे अपने लगन और प्रतीभा की बदौलत प्रतीक्षा स्केल-4 स्टाफ, फिर सीजीएम और अब एजीएम बन गई।
सम्मानित भी हुईं प्रतीक्षा
प्रतीक्षा के दृढ़ संकल्प और समर्पण को देखकर स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने उन्हें कई बार बेहतरीन प्रतिभा वाली कर्मचारी के खिताब से भी सम्मानित किया। प्रतीक्षा टोंडवलकर ने आज बैंकिंग पेशे में अपनी एक खास पहचान बनाई हैं। आज उन्होंने यह साबित कर दिया है कि अगर इंसान चाहे तो अपने मेहनत के बदौलत कुछ भी कर सकता है।
अगर आपको यह जानकारी अच्छी लगी हो, तो इसे अपने दोस्तों के साथ जरूर शेयर करें।